वाराणसी
बहू ने कुल्हाड़ी से सास को उतारा मौत के घाट, एक युवक हिरासत में
वाराणसी। फूलपुर क्षेत्र के कठिराव गांव में बीती शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 47 वर्षीय आशा देवी का खून से लथपथ शव उनके कमरे में लकड़ी के तख्त पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई जब बहू के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और प्रारंभिक पूछताछ में ही मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।
पुलिस ने बहू प्रीति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने स्वीकार किया कि सास के रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर उसने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए एक युवक को भी हिरासत में लिया है।
वनवासी जाति की आशा देवी अपने बेटे सुभाष, बहू प्रीति और 14 वर्षीय पौत्र के साथ रहती थीं। परिवार ईंट भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करता है। बीती शाम प्रीति के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए तो उन्होंने देखा कि आशा देवी तख्त पर मृत पड़ी हैं और उनका सिर लहूलुहान है।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस चौकी प्रभारी सत्यजीत को सूचना दी। इसके बाद फूलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एडीसीपी नृपेंद्र ने बताया कि बहू प्रीति ने ही आशा देवी की हत्या की है। उन्होंने बताया कि दिन में ही वारदात को अंजाम दिया गया था। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
