वायरल
बहराइच हिंसा : 50 गिरफ्तार, 11 पर एफआईआर, कर्फ्यू जैसे हालात
अब तक 1,000 लोगों पर अज्ञात के तहत एफआईआर दर्ज
बहराइच में भड़की हिंसा के चौथे दिन पूरे शहर में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। महराजगंज, जहां यह हिंसा शुरू हुई थी वहां 2 किलोमीटर के क्षेत्र में बाजार बंद हैं। प्रशासन ने लोगों से अपनी दुकानें खोलने की अपील की है लेकिन सुरक्षा की चिंता के कारण लोग अभी भी ऐसा नहीं कर पा रहे हैं।

जिले में इंटरनेट सेवाओं को गुरुवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं लगाई है। महसी और हरदी तहसील के प्रभावित इलाकों में अधिकांश घरों में महिलाएं हैं, जबकि पुरुष फरार हैं।

अब तक हिंसा के सिलसिले में 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई हैं और 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एफआईआर में 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। वहीं, सपा नेता लाल बिहारी यादव ने कहा कि बहराइच में मारे गए राम गोपाल मिश्रा की गलती से यह हिंसा भड़की है। यह एक बड़ी साजिश का हिस्सा है, और उपचुनावों की घोषणा के बाद भाजपा हिंदू-मुस्लिम दंगे भड़काने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि, बहराइच के महसी क्षेत्र में 13 अक्तूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भारी हिंसा हुई थी, जिसमें रेहुवा मंसूर गांव निवासी 24 वर्षीय रामगोपाल मिश्रा की हत्या कर दी गई थी। रामगोपाल मिश्रा की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी परिवार समेत नेपाल भाग गया है। रिश्तेदार के घर सभी ने शरण ली है। पुलिस को इसका पुख्ता इनपुट मिला है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अब्दुल हामिद ने अपनी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से रामगोपाल के सीने में गोली मारी थी। आरोपियों के खिलाफ अब पुलिस-प्रशासन बड़ी और सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
