वाराणसी
बलुआ घाट पर चेंजिंग रूम की छत गिरने से व्यक्ति और कुत्ते की मौत
वाराणसी में रामनगर किला के बगल में बनाए जा रहे बलुआ घाट पर चेंजिंग रूम की छत गिरने से एक शख्स और एक कुत्ते की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति बारिश से बचने के लिए उसमें खड़ा था। अचानक पूरी छत नीचे गिर गई। जिससे उसकी जान चली गई। मृत व्यक्ति मजदूर मेवालाल (57) निवासी अलीनगर, चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी भेजवाया।
स्थानीय लोगों ने कहा, इस निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है। इस घाट पर बनी किले की तरफ की दीवार ढह गयी थी। उस समय स्थानीय विधायक सौरभ निरीक्षण कर कार्रवाई की बात कही थी पर आज फिर एक बार निर्माणाधीन घाट का एक हिस्सा गिरने से एक मजदूर और स्ट्रीट डॉग की जान चली गई।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश और चर्चा का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि चेंजिंग रूम बैठने के लिए नहीं बनाया गया था और निर्माणाधीन घाट में लापरवाही बरती जा रही है। घाट का निर्माण कार्य लगभग साढ़े दस करोड़ रुपए की लागत से हो रहा है और यह अपने अंतिम चरण में था। इस घटना ने घाट के निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब हल्की बारिश में भी दीवार और छत गिरने जैसी घटनाएं हो रही हैं।
