जौनपुर
बदले की हत्या के दो आरोपी मुठभेड़ में घायल
जौनपुर। जिले में बदले की भावना से की गई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर, चंदवक, केराकत और जफराबाद थाना पुलिस के साथ एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को दबोचा। दोनों पर आशीष उर्फ चिघडू चौहान की नृशंस हत्या का आरोप है, जिसमें हमलावरों ने चाकू से कई वार कर हत्या की थी।
इस मामले में पहले ही बाबू राम समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसमें संघईपुर निवासी धनंजय चौहान उर्फ नन्दू, अविनाश चौहान, आदर्श चौहान और हीरापुर निवासी भोले चौहान के नाम सामने आए।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि रात में चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि आरोपी भाऊपुर से त्रिलोचन की ओर आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने ओईना के पास घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दोनों के पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवशंकर चौहान (26) और धनंजय चौहान उर्फ नन्दू (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचा (.315 बोर), दो कारतूस, दो खोखा, एक मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
