चन्दौली
बजबजाती नालियों से ग्रामीण परेशान, क्षेत्र पंचायत सदस्य ने खंड विकास अधिकारी को दिया पत्रक
चंदौली (जयदेश)। सकलडीहा विकास खंड के आलमपुर गांव में नालियों की समुचित सफाई न होने से नाबदान का पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण तैनात सफाई कर्मियों से पूरी व्यवस्था सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है। समस्या के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्य व अधिवक्ता राहुल यादव ने ग्राम सभा आलमपुर के विकास व साफ-सफाई के लिए सकलडीहा खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह को पत्रक सौंपा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल यादव ने खंड विकास अधिकारी को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द रोस्टर लगाकर गांव की नालियों की सफाई करने का अनुरोध किया और कहा कि इसको गंभीरता से नहीं लिया गया तो गांव में संक्रमण फैलने की संभावना है। खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने समस्याओं का जल्द ही निस्तारण करने का आश्वासन भी दिया।
