गोरखपुर
बच्चों के खेल के विवाद ने लिया हिंसक रूप, तीन नामजद पर मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम डडवापार में बच्चों में खेल खेलने के दौरान हुए आपस में मामूली विवाद को लेकर बड़ों में भीषण मारपीट हो गई। घटना की लिखित सूचना पर गोला पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त विवरण के अनुसार डड़वापार निवासी सूरज यादव ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनके घर के सामने कुछ बच्चे कंचा खेल रहे थे और वह खुद भी वहीं बैठे थे। इसी दौरान बच्चों में खेल को लेकर विवाद हो गया और कंचों को लेकर छीना-झपटी होने लगी। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के ही अंकित यादव, संतोष यादव और अर्जुन यादव वहां पहुंचे और कहासुनी के बाद मारपीट करने लगे। पीड़ित के अनुसार मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
