अपराध
बच्चे ने मारी ईंट तो पड़ोसी ने काटा गला, गड्ढा खोदकर जमीन में दफनाया
मिर्जापुर जिले में एक बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि खेल-खेल में बच्चे ने उसको ईंट मार दी थी। इसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने बालक का गला रेतने के बाद गला जमीन के अंदर गढ्ढा खोदकर मिट्टी में दफन कर दिया था।
रविवार की शाम को बजहा दलित बस्ती के 10 वर्षीय आशु (पुत्र सचानू) बकरी चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, आशु गांव के पीछे स्थित बरम बाबा मंदिर के पास बकरी चरा रहा था। रात करीब 10 बजे, परिजन जब उस स्थान पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक गड्ढे में बच्चे का शव मिट्टी से ढका हुआ था और उस पर बबूल के पेड़ की छोटी डाल रखी हुई थी।
पुलिस को सूचना दी गई और बच्चे के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के विरोध में परिजन और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। अंततः पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के समझाने पर सुबह चार बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा गया।
