वाराणसी
फूलपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 13 दिन बाद मां-बेटे की सुरक्षित बरामदगी
गुमशुदगी प्रकरण में फूलपुर थाना पुलिस की तत्परता लाई रंग
वाराणसी। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र से 13 दिनों से लापता महिला और उसके छह वर्षीय पुत्र को पुलिस ने बदायूं जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों को खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। यह सफलता पुलिस की सक्रियता और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से प्राप्त हुई।
फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दबेथुआ निवासी नेहा कन्नौजिया (लगभग 30 वर्ष) अपने छह वर्षीय बेटे के साथ 8 फरवरी 2026 को घर से लापता हो गई थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह पारिवारिक विवाद और कार्य से जुड़े कारणों के चलते बिना बताए घर से निकल गई थीं। काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो महिला की सास ने फूलपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में चौकी प्रभारी कठिराव और उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सोशल मीडिया, सर्विलांस सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला और बच्चे की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इनपुट के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों बदायूं जिले में मौजूद हैं।
सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम बदायूं रवाना हुई और शनिवार को नेहा कन्नौजिया तथा उनके पुत्र को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मां-बेटे को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।
थानाध्यक्ष फूलपुर इंस्पेक्टर अतुल सिंह ने बताया कि गुमशुदगी के मामलों में समय पर सूचना, तकनीकी संसाधनों का समुचित उपयोग और समन्वित कार्रवाई से ही सफलता मिलती है। उन्होंने टीम के निरंतर प्रयास और आपसी सहयोग को इस सफलता का मुख्य कारण बताया।
