अपराध
फर्म सोसाइटीज का बाबू 4000 का रिश्वत लेते गिरफ्तार
वाराणसी। फर्म सोसायटीज व चिट्स कार्यालय के बाबू अरविंद कुमार गुप्ता को एंटी करप्शन वाराणसी इकाई ने बुधवार को 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अरविंद कुमार गुप्ता सकपका गया। टीम ने घूसखोर बाबू के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
एंटी करप्शन वाराणसी इकाई के निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया कि, लमही स्थित पुष्पराज कॉलोनी निवासी संजय सिंह ने शिकायती पत्र दिया कि उनकी प्रबोधिनी फाउंडेशन के नाम से संस्था है। लिपिक अरविंद कुमार गुप्ता संस्था के नवीनीकरण के लिए घूस की मांग कर रहा था। घूस नहीं देने पर 22 जुलाई 2024 से फाइल को लटका कर रखा था। नवीनीकरण के लिए 4000 रुपये व प्रबंध समिति पंजीकरण की प्रमाणित कॉपी देने के लिए 10 हजार की मांग कर रहा था।
घूसखोर बाबू ने धमकाया कि जब तक पैसा नहीं मिलेगा, तब तक काम नहीं होगा। शिकायती पत्र के आधार पर ट्रैप टीम बनाई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। 4,000 रुपये लेते हुए बाबू अरविंद कुमार गुप्ता को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के पुष्प विला मोनार्क सिटी डिप्टी खेड़ा का रहने वाला है। फिलहाल वाराणसी के हुकुलगंज में रहता है।
