अपराध
फर्जी सिपाही ने 12 महिला पुलिस कर्मियों को बनाया हवस का शिकार, 36 लाख हड़पे

बरेली में 8वीं पास फर्जी सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह वर्मा सरनेम की महिला सिपाहियों को अपने जाल में फंसाता, उनसे कहता-तुम भी वर्मा हो, मैं भी…एक ही बिरादरी के लोग हैं, एक-दूसरे का साथ नहीं देंगे क्या ? इसके बाद शादी का झांसा देकर होटल में ले जाकर रेप करता था। उसने 10 से ज्यादा महिला सिपहियों के साथ रेप किया। वह हर महिला सिपाही से खुद को कुंवारा बताता था और उनसे करीब 36 लाख रुपए लिए। चार महिला सिपाही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा चुकी हैं।
आरोपी राजन 5 साल से कानपुर, बरेली, लखीमपुर, श्रावस्ती और अयोध्या की महिला पुलिसकर्मियों को टारगेट कर रहा था। पुलिस को राजन के फोन से खाकी वर्दी में फर्जी पासिंग आउट परेड के फोटो भी मिले हैं। वह पेठा बेचकर एक SOG सिपाही के संपर्क में आया। पहले सिपाही भर्ती के नाम पर खुद ठगी का शिकार हुआ। इसके बाद फर्जी सिपाही बनकर खुद ठगी करने लगा। उसने 1200 रुपए में पुलिस की फर्जी वर्दी भी सिलवाई थी।
वर्मा नाम की महिला सिपाही होती थी मुख्य निशाना
राजन यूपी पुलिस की बेवसाइट खोलना सीख गया था। इसके जरिये वह वर्मा सरनेम वाली अविवाहित महिला सिपाहियों के नाम-पते छांटकर उनसे दोस्ती करता था। कई महिला सिपाहियों से दोस्ती, शादी का झांसा और कुछ मामलों में शादी करके राजन ने उनका यौन शोषण किया और उनकी कमाई पर ऐश करने लगा।
आठवीं पास बना फर्जी पुलिस वाला, धोखे से की शादी
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी राजन ने बताया कि वह अयोध्या में पेठे की सप्लाई करता था। वहीं उसकी मुलाकात सुनील गुप्ता से हुई। सुनील खुद को एसओजी का सिपाही बताता था। राजन को पुलिसवालों का अंदाज भा गया। इसी का फायदा उठाकर सुनील ने उसे पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर पांच लाख रुपये झटक लिए। सुनील गुप्ता के साथ रहने के दौरान राजन की कई पुलिसवालों से दोस्ती हो गई और वह उन्हीं की तरह रहन-सहन सीख गया।
कोतवाल डीके शर्मा के मुताबिक खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए राजन ने एक सजातीय महिला आरक्षी से शादी भी की थी। जब महिला सिपाही को उसके 8वीं पास और बेरोजगार होने का पता चला तो उसने दूरी बना ली।