Connect with us

गाजीपुर

फर्जी डिग्री के सहारे नौकरी कर रहा शिक्षक बर्खास्त

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी करने का मामला सामने आने के बाद संबंधित शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह के निर्देश पर विद्यालय के प्रबंधक सनद कुमार पांडेय ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वाराणसी जनपद के नहिया गांव निवासी शिक्षक शिवाकांत पांडेय एमएससी और बीएड की कूट रचित डिग्रियों के आधार पर नौकरी कर रहे थे। प्रमाण पत्रों की जांच के लिए गोरखपुर विश्वविद्यालय से सत्यापन कराया गया, जिसमें पता चला कि प्रस्तुत किए गए अनुक्रमांक विज्ञान वर्ग में किसी भी छात्र-छात्रा के नाम आवंटित नहीं हैं। वहीं बीएड की डिग्री में भी कोई अनुक्रमांक दर्ज नहीं मिला। इससे यह स्पष्ट हो गया कि उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रमाण पत्र फर्जी हैं।

Loading...

जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जांच के बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। इस पर विद्यालय प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उनके द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद डीआईओएस के पत्र के आधार पर प्रबंधक सनद कुमार पांडेय ने सैदपुर कोतवाली में शिक्षक शिवाकांत पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी।

कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। विद्यालय के प्रबंधक ने बताया कि शिवाकांत पांडेय की नियुक्ति वर्ष 2000 में वाराणसी स्थित कमलाकर चौबे आदर्श सेवा इंटर कॉलेज में हुई थी। वर्ष 2007 में उन्हें रसायन विज्ञान विषय विशेषज्ञ के रूप में टाउन इंटर कॉलेज सैदपुर में स्थानांतरित किया गया था। वर्ष 2022 में तत्कालीन प्रधानाचार्य अनिल कुमार विश्वकर्मा ने उनके शैक्षणिक अभिलेखों की जांच कराई थी। गोरखपुर विश्वविद्यालय से जब प्रमाण पत्रों का मिलान कराया गया तो संबंधित रोल नंबर गजट में दर्ज नहीं मिला, जिससे प्रमाण पत्रों के फर्जी होने की पुष्टि हो गई।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page