खेल
प्लेऑफ की दहलीज पर पहुंच राजस्थान, लखनऊ को 7 विकेट से दी शिकस्त
राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल की शानदार अर्धशतकीय पारी की मदद से लखनऊ सुपरजाएंट्स को 7 विकेट से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। सैमसन और जुरेल ने तीसरे विकेट के लिए 121 रनों की अविजित साझेदारी की जिसके दम पर राजस्थान ने नौ मैचों में आठवीं जीत दर्ज की। लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 196 रनों का स्कोर बनाया। जिसके जवाब में राजस्थान ने 19 ओवर में तीन विकेट पर 199 रन बनाकर जीत दर्ज की।

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ को राजस्थान के ट्रेंट बोल्ट और संदीप शर्मा ने पावरप्ले में शुरुआती झटके दिए। बोल्ट ने पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर क्विटंन डिकॉक को बोल्ड किया। इसके बाद संदीप ने पिछले मैच के शतकधारी मार्कस स्टोइनिस को खाता खोले बिना पवेलियन भेजकर लखनऊ की पारी लड़खड़ा दी। लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान केएल राहुल ने 48 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 76 रन बनाए जबकि दीपक हुड्डा ने 31 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 50 रनों की पारी खेली।

तो वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान को यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। यशस्वी और बटलर ने 35 गेंदों पर 60 रनों की साझेदारी की। बटलर 18 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी 18 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के के सहारे 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके अलावा संजू सैमसन ने 33 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों के दम पर नाबाद 71 और जुरेल ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों के सहारे नाबाद 52 रन की पारी खेली।
