वाराणसी
प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने पकड़ा, थाने में चली घंटों पंचायत
“मिठाई खाने आया हूं” बयान पर भड़के घरवाले, जिद पर अड़ी युवती
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में बीती रात प्रेम प्रसंग का मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके घर पहुंच गया। जानकारी होते ही युवती के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और उससे पूछताछ की। इस पर युवक ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के हाथों से मिठाई खाने आया है। जवाब सुनते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा।
स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई, जबकि युवती के परिजनों को सुबह थाने बुलाया गया। रविवार को थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, जहां युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। हालांकि पुलिस की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गई और सभी अपने-अपने घर लौट गये।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक और उसी गांव की युवती के बीच पिछले करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा है। युवती बीए पास है, जबकि युवक 10वीं फेल है और पेट्रोल पंप पर डीजल भरने का काम करता है। पड़ोस में रहने के कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे फोन के जरिए भी संपर्क में रहते थे।
देर रात युवक युवती से मिलने उसके कमरे में पहुंच गया। इसी दौरान परिजनों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने मिठाई खाने की बात कही, जिससे परिजन और अधिक नाराज हो गए और विवाद बढ़ गया। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया, जो युवक को थाने ले गई।
रविवार सुबह मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे। पंचायत के दौरान युवती की मां और भाई ने इस रिश्ते का विरोध किया, लेकिन युवती अपने फैसले पर अडिग रही और युवक के साथ रहने की बात दोहराती रही।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि युवक और युवती दोनों से पूछताछ की गई है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर थाने में लंबे समय तक पंचायत चलती रही।
