मिर्ज़ापुर
प्राचीन रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बने अशोक सिंह, अतिन गुप्ता को सचिव चुना गया

मिर्जापुर। लगभग पांच सौ वर्ष पुरानी प्रतिष्ठित श्री रामलीला पुरानी दशमी पंचायती की परंपरागत बैठक चौबेटोला के राजगद्दी स्थित रामभवन के ऐतिहासिक चबूतरे पर सम्पन्न हुई। जिले के सबसे पुराने संगठनों में शामिल इस समिति की वार्षिक बैठक में बड़ी संख्या में सदस्य जुटे और वर्ष 2025-26 के लिए चुनावी प्रक्रिया पूरी की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भोलानाथ पाण्डेय ने कहा कि संस्था वर्षों से आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत रखने का काम कर रही है। हर साल चुनाव के बाद भगवान राम की विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाता है। राम वन गमन मार्ग से लेकर रावण वध और भारत मिलाप तक की झांकियां आज भी लोगों को भाव-विभोर कर देती हैं और नई पीढ़ी को सीख देती हैं।
इसके बाद चुनाव अधिकारी अशुकांत चुनाहे ने सभी पदों के लिए नामों का प्रस्ताव लिया और सहमति बनने पर निर्विरोध रूप से चुनाव सम्पन्न कराया। चुनावी घोषणा में बताया गया कि वरिष्ठ अधिवक्ता और डिस्ट्रिक्ट बार के पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह को अध्यक्ष चुना गया है।
छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, व्यापारी नेता शैलेन्द्र अग्रहरि और वरिष्ठ सदस्य भोला नाथ साहू उपाध्यक्ष बनाए गए। माताप्रसाद माताभीख इंटर कॉलेज के प्रबंधक अतिन कुमार गुप्ता को मंत्री, रोटेरियन मयंक गुप्ता, विहिप नेता बृजेश उमर वैश्य और दीप चंद यादव उर्फ सेल्फी मैन को उप मंत्री, जबकि पूर्व उप मंत्री विनोद केशरवानी कोषाध्यक्ष बने। वैश्य फेडरेशन के अध्यक्ष नयन जायसवाल को आय-व्यय निरीक्षक और गोवर्धन दास गुप्ता को वस्तु व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, शशिकांत बरनवाल, सुभाष चंद्र सिंह, श्यामा प्रसाद जायसवाल, जितेन्द्र अग्रवाल, चंदू लाल गुप्ता, राजा केशरवानी, वीरेंद्र मौर्या, शरद गोयल, अभय शंकर गुप्ता, मुकेश कुमार, मंटू अग्रहरि, विनय केशरवानी, कुशाग्र गुप्ता, विनोद सेठ, अशोक कुमार उमर, धीरज सोनी, नन्द लाल गुप्ता, अनिल यादव, विष्णु उमर, ओम जी उमर, बसंत लाल गुप्ता समेत सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।