राज्य-राजधानी
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी निभा रहे ड्यूटी के साथ सामाजिक दायित्व
कोटद्वार। प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार प्रदीप नेगी वर्षों से नियमित रक्तदान करते आ रहे है और अभी तक एक बार एसडीपी सहित 21 बार रक्तदान कर चुके है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और मानवता का धर्म निभाने का पुनः अवसर तब मिला जब कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती किडनी पेशेंट बुजुर्ग महिला सरोज नेगी को डायलिसिस के दौरान ओ पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता पड़ गई।
पेशेंट की स्थित को देखकर परिवार के लोग परेशान हो उठे। अस्पताल में भर्ती मरीज के लिए तत्काल ओ पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता की सूचना मिलने पर रक्तपुरुष दलजीत सिंह ने तुरंत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी से संपर्क किया।बिना समय व्यर्थ किए अपने सामाजिक दायित्व का निर्वाहन करने के लिए प्रभारी निरीक्षक तुरंत ब्लड बैंक पहुंचे जहां उन्होंने बुजुर्ग भर्ती मरीज के जीवन को बचाने के लिए रक्तदान किया।
बुजुर्ग महिला के पुत्र डायलिसिस पेशेंट जिनका नाम भी प्रदीप नेगी है ने कहा आज तक उत्तराखंड पुलिस को मित्र पुलिस कहते सुना था परंतु जब आज परिवार को जरूरत पड़ी तो देख भी लिया। इसलिए उनका पूरा परिवार प्रभारी निरीक्षक तथा मित्र पुलिस का सदैव आभारी रहेगा। वहीं प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने कहा कोई भी कार्य किसी के जीवन से अमूल्य नहीं हो सकता और जब बात रक्तदान की हो तो भला पुलिस का जवान कैसे पीछे रह सकता है।
रक्तदान को लेकर जो समाज में आज भी कुछ भ्रांतियां है कि रक्तदान करने से शरीर में कमज़ोरी आती है । कहा की उन लोगों के लिए यही संदेश है की पुलिस का जवान रक्तदान करने के बाद भी 24 घंटे अपनी ड्यूटी निभाता है और अपने आप को तरोताजा महसूस करता है। साथ ही कहा कि एक रक्तदान से हम केवल तीन प्राणों की रक्षा ही नहीं करते अपितु अपने आप को भी कई बीमारियों से सुरक्षित रखते है इसलिए जीवन में हमें जब भी अवसर मिले तो आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
बता दें कि अपनें व्यस्ततम समय में से समय निकाल कर बुजुर्ग महिला को रक्त सहयोग प्रदान करने वाले नियमित ब्लड डोनर व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी पूर्व में भी थाना कोटद्वार में सेवारत रहनें के दौरान व उसके पश्चात विभिन्न तैनाती स्थलों में रहकर भी रक्तदान सेवा देने के साथ साथ अपनें विभाग में बहुत से सहयोगियों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर इस सेवा कार्य से जोड़ने का पुण्य कार्य करते आ हैं। वहीं आधारशिला रक्तदान समूह से लेकर समाज का हर वर्ग उनके द्वारा की जा रही अतुल्य रक्तदान सेवाओं के लिए उनकी सहराना कर रहा है।
