जौनपुर
प्रधानाध्यापक पर छात्र को जमीन पर घसीटकर पीटने का आरोप
बदलापुर (जौनपुर)। जिले में एक बार फिर शिक्षक पर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्राम पन्नूपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम सिंह पर छात्र राजेश को गला दबाकर, लात-घूंसों से बुरी तरह जमीन पर घसीटकर पीटने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित छात्र राजेश की मां निर्मला ने बदलापुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बुधवार की दोपहर उनके पुत्र राजेश विद्यालय में पढ़ने गया था, जहां प्रधानाध्यापक राम सिंह ने गुस्से में आकर उसे पीटा और उसका कपड़ा भी फाड़ दिया। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने छात्र को धमकाते हुए कहा कि “अब से स्कूल मत आना।”
बहरहाल, इस घटना के बाद राजेश की मां न्याय की गुहार लगाती रही, लेकिन अभी तक किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कदम उठाने की उम्मीद की जा रही है।
