गाजीपुर
प्रधानमंत्री मोदी से संवाद कर लौटीं गाजीपुर की डॉ. सुबुही आब्दी

सादात की मत्स्य उद्यमी ने दिल्ली में किया यूपी का प्रतिनिधित्व
गाजीपुर। जनपद का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर रोशन हुआ है। सादात नगर के वार्ड संख्या 10 की निवासी और महिला मत्स्य उद्यमी कु. डॉ. सुबुही आब्दी (Ph.D.) ने राजधानी दिल्ली के पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में आयोजित प्रधानमंत्री संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
शनिवार को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देशभर के आठ राज्यों से चुने गए मत्स्य उद्यमियों ने हिस्सा लिया, जिनमें उत्तर प्रदेश से डॉ. सुबुही आब्दी एकमात्र प्रतिनिधि रहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर उनसे मत्स्य पालन से जुड़ी उनकी गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने संवाद के दौरान गाज़ीपुर जनपद के सादात में संचालित सजावटी मछली के प्रजनन एवं पालन केन्द्र के बारे में जानकारी ली और प्रोजेक्ट से मिलने वाले लाभ, इससे जुड़े वर्करों और उत्पादन प्रक्रिया पर विशेष सुझाव दिए।
डॉ. आब्दी ने बताया कि प्रधानमंत्री जी के प्रोत्साहन और मार्गदर्शन से उन्हें नई ऊर्जा मिली है, जो उनके प्रोजेक्ट के विकास में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री से सीधा संवाद मेरे जीवन का अविस्मरणीय क्षण है। अब मेरा लक्ष्य है कि मैं युवा वर्ग, विशेषकर महिलाओं को मत्स्य पालन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रशिक्षित करूं।”
ज्ञात हो कि डॉ. सुबुही आब्दी सादात में उत्तर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन एवं मत्स्य विभाग के सहयोग से ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY)’ अंतर्गत मेगा प्रोजेक्ट के रूप में सजावटी मछली का प्रजनन एवं पालन केन्द्र संचालित कर रही हैं।
उन्होंने समता इंटर कॉलेज सादात से इंटरमीडिएट, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एम.फिल. और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। मत्स्य पालन पर कई अनुसंधान कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ वह उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग में दो वर्षों तक कार्यरत रह चुकी हैं।
प्रधानमंत्री संवाद कार्यक्रम से लौटने के बाद रविवार को सादात पहुंचने पर क्षेत्रवासियों और शुभेच्छुओं ने डॉ. आब्दी का भव्य स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।