गाजीपुर
प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
गाजीपुर (जयदेश)। स्वाट/सर्विलांस टीम और कोतवाली पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन अभियुक्तों को सोमवार को राय कॉलोनी में किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, फर्जी दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे परीक्षार्थियों को फर्जी तरीके से पास कराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिवाइस का इस्तेमाल करते थे। इसके बदले परीक्षार्थियों से उनका मूल अंकपत्र, ब्लैंक चेक, ब्लैंक स्टाम्प पेपर, और आधार कार्ड लेकर मोटी रकम वसूलते थे। पास कराने के बाद ये गिरोह फर्जी प्रमाणपत्र और फर्जी आधार कार्ड तैयार कर परीक्षार्थियों को देते थे। प्रमाणपत्र वापस करने के लिए ये कम से कम 10 लाख रुपये वसूलते थे।
गिरोह के पास से 3 वाई-फाई राउटर, 10 सिम डिवाइस, 13 ब्लूटूथ डिवाइस, 3 वॉकी-टॉकी, 7 मोबाइल फोन, परीक्षार्थियों के मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र, ब्लैंक चेक, हस्ताक्षरित स्टाम्प पेपर, फर्जी मुहरें, 4 फर्जी आधार कार्ड और अन्य सामग्री बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
- सर्वजीत सिंह, निवासी हरिबल्लभपुर, गाजीपुर।
- श्रवण यादव, निवासी मरदानपुर, गाजीपुर।
- पंकज कुमार राय, निवासी सारंगपुर, सासाराम, बिहार।
- श्रवण कुमार, निवासी बिहरा, गाजीपुर।
गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दीनदयाल पांडेय और स्वाट टीम प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भूमिका निभाई। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने इस गिरोह की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बताया है। स्थानीय लोगों और परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे इस तरह के किसी भी फर्जीवाड़े से बचें।
