गाजीपुर
पौत्र की मौत के बाद दादी ने भी तोड़ा दम, एक साथ जली चिता
औड़िहार (गाजीपुर) जयदेश। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के उचौरी गांव में गुरुवार को हृदयविदारक घटना सामने आई, जब चार वर्षीय पौत्र की मौत की सूचना मिलते ही उसकी दादी ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद दादी और पौत्र की चिता एक साथ जलाई गई। इस मार्मिक दृश्य को देखकर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव निवासी प्रवेश वर्मा ने बताया कि उनके चार वर्षीय बेटे हर्ष की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसी दौरान हर्ष की दादी उमा देवी को गहरा सदमा लगा और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। कुछ ही देर में उनकी भी मृत्यु हो गई।
परिजन और गांव के लोग हर्ष के शव को अंतिम संस्कार के लिए जौहरगंज श्मशान घाट लेकर पहुंचे थे। वहीं पर घर से सूचना मिली कि दादी उमा देवी (56) का भी निधन हो गया है। यह खबर मिलते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
बताया गया कि उमा देवी अपने पौत्र हर्ष से बेहद स्नेह करती थीं। वह परिवार का इकलौता लाडला था, जिससे सभी का विशेष लगाव था। उसके असमय निधन से पूरा परिवार टूट गया। दादी और पौत्र के एक साथ निधन के बाद दोनों की चिता एक ही साथ जलाई गई।
इस घटना ने गांव और आसपास के क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। हर कोई इस दुखद हादसे से स्तब्ध है और परिवार को सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।
