वायरल
पुष्पक विमान से भगवान राम और सीता का होगा आगमन, खास होगी रामलला की पहली दिवाली
अयोध्या। इस बार अयोध्या में दीपोत्सव बेहद खास होगा क्योंकि यह रामलला के भव्य राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनकी पहली दिवाली होगी। 30 अक्टूबर को दीपोत्सव के लिए खास तैयारियां हो रही हैं। रामलला की पहली दीपावली को खास बनाने के लिए 1500 वालंटियर्स तैनात किए गए हैं, जिनमें L&T, टाटा और सोनपुर ग्रुप के कर्मचारी भी शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य मुख्य अतिथि राम कथा पार्क में विशेष झांकियों का आनंद लेंगे।30 अक्टूबर को राम मंदिर परिसर को एक लाख दीयों से सजाया जाएगा जिन्हें गाय के गोबर से बने दीयों से प्रज्वलित किया जाएगा।
रामलला के लिए विशेष परिधान और भोग की व्यवस्था की गई है। सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीये 30 हजार स्वयंसेवकों द्वारा सजाए जाएंगे। साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक 18 भव्य झांकियों का आयोजन होगा जिसमें 11 सूचना विभाग और 7 पर्यटन विभाग की ओर से प्रस्तुत की जाएंगी। ये झांकियां रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित होंगी जिसमें देशभर के 200 से अधिक कलाकार भाग लेंगे।
दोपहर 2 बजे तक यह आयोजन समाप्त हो जाएगा और फिर 3 बजे मुख्यमंत्री और अन्य मुख्य अतिथि राम कथा पार्क में पहुँचेंगे। राम कथा पार्क में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी का पुष्पक विमान से आगमन होगा। सीएम योगी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और केंद्रीय मंत्री उनका भव्य स्वागत करेंगे।
इसके बाद राम का राज्याभिषेक होगा, और अयोध्या में विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया जाएगा। शाम 6:15 बजे सीएम योगी सरयू घाट पहुंचेंगे और माँ सरयू का दूध से अभिषेक करेंगे। वहाँ लगभग 1100 लोगों की उपस्थिति होगी और माँ सरयू की महा आरती संपन्न की जाएगी। साथ ही राम की पैड़ी पर लेजर एंड साउंड शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे और 28 लाख दीयों का विश्व रिकॉर्ड दर्ज करने का प्रयास होगा।
