वायरल
पुलिस बस पलटी, 29 जवान घायल
बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा हादसा हुआ जब बिहार स्पेशल आर्म्स पुलिस के जवानों को ले जा रही एक बस चाँद दियर पेट्रोल पंप के पास पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 29 जवान घायल हो गए। इनमें से 19 जवानों को सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है, जबकि 10 को बलिया जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
ये सभी जवान रोहतास जिले के डेहरी से दीपावली और छठ पर्व की ड्यूटी के लिए सिवान जा रहे थे। दुर्घटना का कारण बस के चारों पहियों की खराबी बताया जा रहा है। घायल जवानों ने बताया कि बस की हालत बेहद खराब थी और चारों पहियों में खराबी थी जिसके चलते बस कई पलटियां खाकर पानी में जा गिरी। सभी जवानों की जान बच गई लेकिन घटना से हड़कंप मच गया।
बलिया पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि बिहार स्पेशल आर्म्स पुलिस की 18वीं बटालियन की E कंपनी 29 अक्टूबर को देहरी आन सोन रोहतास से एक प्राइवेट बस में सिवान के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 12:30 बजे बैरिया क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।
पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल में पहुंचकर उपचाररत जवानों और डॉक्टरों से बातचीत की। सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और सहायता के लिए मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
