गोरखपुर
पीएम श्री स्कूल सेमरी में धूमधाम से मनाया गया “नवारम्भ उत्सव”
गोलाबाजार (गोरखपुर)। शासन द्वारा को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों एवं बालवाटिकाओं में विद्यालय स्तरीय “नवारम्भ उत्सव” आयोजित किए जाने के निर्देश के क्रम में पीएमश्री स्कूल सेमरी में यह कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य सत्र 2026-27 के अंतर्गत 3 से 4 वर्ष आयु वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए बालवाटिका में अनौपचारिक शिक्षा का शुभारम्भ करना तथा 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों को, जिन्होंने 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, औपचारिक शिक्षा की प्रथम कक्षा में प्रवेश हेतु प्रेरित करना था। साथ ही समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे एक विशेष उत्सव के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सदन तिवारी रहे।, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। आंगनबाड़ी श्रीमती कंचन तिवारी की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही, जिन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित मनोज कुमार मिश्र द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक रामसिंह, गुलाब, अशोक कुमार चौहान एवं प्रिन्स ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं ग्राम समुदाय के लोगों की उपस्थिति रही, जिससे विद्यालय और समाज के बीच सशक्त समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
“नवारम्भ उत्सव” के माध्यम से बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह, अभिभावकों में जागरूकता तथा विद्यालय के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया, जो निश्चित रूप से भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मार्ग को प्रशस्त करेगा।
