वाराणसी
पीएम मोदी 18 जून को आएंगे काशी, 300 किसानों को देंगे आवास की सौगात
वाराणसी। पीएम नरेन्द्र मोदी 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं। जहां वह राजातालाब के पास मेहदीगंज में जनसभा करेंगे और अन्नदाताओं से संवाद भी करेंगे। इस दौरान देश के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त के रूप में 20 हजार करोड़ रुपये आनलाइन ट्रांसफर करेंगे। साथ ही साथ लगभग 300 किसानों को आवास की सौगात भी देंगे। इसके अलावा, किसानों को डिजिटल किसान क्रेडिट कार्ड भी देंगे। पीएम मोदी कुछ प्रगतिशील किसानों से भी बातचीत कर सकते हैं। प्रधानमंत्री 21 किसानों से मुलाकात करेंगे और किसानों के उगाए उत्पादों के स्टॉल का भी अवलोकन करेंगे।

पीएम मोदी लगभग पांच घंटे वाराणसी में रहेंगे। पीएम मोदी मेहंदीगंज में जनसभा के बाद काशी विश्वनाथ का दर्शन करने जाएंगे। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं व काशीवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह ढोल-नगाड़े, शंखनाद, मंत्रोच्चार व पुष्प वर्षा कर कार्यकर्ता पीएम का स्वागत करेंगे।
बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार पीएम मेहदीगंज की जनसभा के बाद हेलिकाप्टर से पुलिस लाइन आएंगे। वहां से सड़क मार्ग से श्री काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे और दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद गंगा आरती में शामिल होंगे। वाराणसी में पीएम के स्वागत की योजना बनाई गई है। इसके लिए बीजेपी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जगह-जगह स्वागत प्वाइंट बनाए जाएंगे। जनसभा के लिए विधानसभावार 10-10 हजार कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य रखा गया है।
