वाराणसी
पीएम मोदी के शिवरात्रि के बाद काशी आगमन की संभावना
प्रधानमंत्री के संभावित आगमन से पहले विकास परियोजनाओं की सूची बनाने में जुटा प्रशासन
वाराणसी। महाशिवरात्रि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। संभावित कार्यक्रम के मद्देनज़र विभिन्न विभागों से उन योजनाओं और परियोजनाओं का ब्योरा मांगा गया है, जिनका शिलान्यास अथवा लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों कराया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार इस प्रस्तावित दौरे के दौरान काशी को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है। तैयार की जा रही सूची में सिग्नेचर रेल रोड ब्रिज, सोलर पार्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, नई सड़कों का निर्माण, फ्लाईओवर तथा ग्रामीण और शहरी कनेक्टिविटी से संबंधित योजनाएं शामिल की गई हैं।
इसके अतिरिक्त कमिश्नरी परिसर में मंडलीय एकीकृत कार्यालय भवन, नगर निगम के नए सदन, रामनगर क्षेत्र में वृद्धाश्रम और वर्किंग वूमेन हॉस्टल के शिलान्यास की भी संभावना जताई जा रही है। ऊर्जा क्षेत्र में एक अहम पहल के रूप में सर्किट हाउस परिसर में प्रदेश के पहले साइलेंट सब स्टेशन की स्थापना की तैयारी भी की जा रही है।
लोक निर्माण विभाग की कई सड़क परियोजनाएं, एनएचएआई के हाईवे प्रोजेक्ट, जिला अस्पतालों में डे-केयर सेंटर तथा बनारस रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के शिलान्यास को भी संभावित कार्यक्रम में शामिल किया गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं की सूची तैयार कर प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी जाएगी, ताकि दौरे के दौरान विकास कार्यों से जुड़ा व्यापक कार्यक्रम सुनिश्चित किया जा सके।
