गाजीपुर
पीएम मोदी की ‘मन की बात’ से युवाओं में जागी नवाचार की चेतना: प्रमोद वर्मा

जखनियां (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 124वां एपिसोड रविवार को भाजपा जखनियां मंडल प्रथम के बूथ संख्या 210 पर उत्साह के साथ सुना गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने किया।
इस अवसर पर प्रमोद वर्मा ने कहा कि 21वीं सदी भारत के लिए विज्ञान और नवाचार की सदी बन चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश ने वैश्विक स्तर पर कई ऐतिहासिक मुकाम हासिल किए हैं। युवाओं को विज्ञान, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ न केवल संवाद का माध्यम है, बल्कि यह एक ऐसी प्रेरक शक्ति है, जो देश के कोने-कोने में नवाचार और उत्साह का संदेश पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री ने हाल ही में अंतरिक्ष मिशन Axiom-4 में शामिल भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का उल्लेख कर देशवासियों को गौरवान्वित किया।
वर्मा ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद बच्चों और युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान को लेकर नई लहर आई है। ‘इंस्पायर मानक योजना’ जैसी पहलें छात्रों को नए विचारों पर कार्य करने और नवाचार को अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में अगस्त 2023 की चंद्रयान लैंडिंग को ऐतिहासिक बताते हुए 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने देशवासियों से इस दिन को रचनात्मक तरीके से मनाने और अपने विचार नमो ऐप पर साझा करने को कहा।
इतना ही नहीं, उन्होंने महाराष्ट्र और तमिलनाडु के ऐतिहासिक किलों का जिक्र कर भारतीय इतिहास की समृद्ध विरासत को जानने और अनुभव करने की बात कही।
इस आयोजन में भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय व्यापारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। इस मौके पर अशोक गुप्ता, रामाश्रय शर्मा, सुदामा यादव, गोपाल मद्धेशिया, आशुतोष दुबे, विजय गुप्ता, चंदन, बंटी गुप्ता, वरुण पांडेय, राजेश जायसवाल, सुभाष पांडेय, रमाकांत राम और राहुल चौरसिया जैसे प्रमुख लोग मौजूद रहे।