Connect with us

गाजीपुर

पीएम आवास योजना के 346 लाभार्थियों को मिली पहली किस्त की स्वीकृति

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। नगर पालिका परिषद सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के हिस्से के रूप में आयोजित इस समारोह में नगर के 346 लाभार्थियों को आवास की प्रथम किस्त के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। स्वीकृति पत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार निरंतर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि आज नगर में ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार होने के कारण विकास कार्य पूरी गति से संचालित हो रहे हैं। चेयरमैन ने सभी लाभार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

Advertisement

भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी है। लाभार्थियों के खाते में सीधे पैसा भेजे जाने से भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि पक्का आवास मिलने से गरीब परिवारों को न केवल छत मिलेगी, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक सुधार आएगा।

इस दौरान अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार और डूडा के जेई अंशुमान यादव ने योजना की तकनीकी बारीकियों और अगली किस्तों की प्रक्रिया के बारे में लाभार्थियों को अवगत कराया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा विधानसभा मीडिया प्रभारी संजीत यादव, विभिन्न वार्डों के सभासदगण और नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page