वाराणसी
पासपोर्ट बनवाने के लिए करना होगा क्लीन शेव
पासपोर्ट के आवेदन और संबंधित दस्तावेज में एक ही तरह की फोटो रखें, ताकि आगे कोई समस्या न हो : प्रतिभा वर्मा, सहायक पासपोर्ट अधिकारी
वाराणसी। महमूरगंज स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में पासपोर्ट बनवाने के लिए काशीवासियों को अब दस्तावेजों में बिना दाढ़ी वाली फोटो लगानी होगी। दाढ़ी वाली फोटो लगाने से दस्तावेजों के मिलान करने में दिक्कतें आ रही हैं। आवेदन करते समय फोटो में दाढ़ी होने की वजह से रोजाना 4 से 6 लोगों को दस्तावेज में फोटो बदलवाने की बात कह कर वापस कर दिया जा रहा है।

वाराणसी के महमूरगंज स्थित पासपोर्ट कार्यालय पर आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया और जौनपुर जिले से प्रतिदिन 500 से अधिक लोग पासपोर्ट बनवाने के लिए आते हैं। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में नार्मल पासपोर्ट बनाने का रोजाना 780 स्लॉट, तत्काल के लिए 120 स्लॉट हैं। नार्मल पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों की संख्या 1000 के ऊपर है। वहीं, तत्काल के लिए भी 50 से 70 के करीब आवेदन आ रहे हैं।
सहायक पासपोर्ट अधिकारी प्रतिभा वर्मा ने बताया कि, आधार, पैन कार्ड और दूसरे दस्तावेजों में फोटो पुरानी रहती है, लेकिन आवदेनकर्ता जब आवेदन करते हैं तो दाढ़ी वाली फोटो लगाते हैं। पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदनकर्ता दस्तावेज में फोटो चेंज कराएं या फिर दाढ़ी क्लीन करा कर दोबारा टोकन बुक करें।
