वाराणसी
पारा गिरने से बढ़ी ठिठुरन, लोगों की बढ़ी मुश्किलें
वाराणसी। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव में काशी का पारा तेज़ी से गिरा है। बीती रात न्यूनतम तापमान में लगभग 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद पारा 8.8°C तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 2.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। उसी के साथ सुबह-शाम गलन में काफी वृद्धि देखी गई। तेज सर्दी के चलते बुज़ुर्गों ने अलाव का सहारा लिया, वहीं युवाओं ने भी अपने गरम कपड़ों की मोटाई बढ़ा दी है। वाराणसी में शनिवार को दिन का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ठंड का यह दौर रविवार तक जारी रह सकता है। इसके बाद सोमवार से मामूली बढ़ोतरी होने के आसार हैं। हालांकि ठंड में कोई विशेष कमी नहीं आएगी, फिर भी गलन में कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के उपग्रह आंकड़ों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब पूर्वी उत्तर प्रदेश तक दिखाई दे रहा है, जिससे ठंड का प्रभाव और बढ़ने की आशंका है। ठंड के इस मौसम में बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रविवार से कम होने लगेगा, लेकिन एक और पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान क्षेत्र में सक्रिय है। इसके भारत पहुंचते ही बुधवार से ठंड और भी बढ़ सकती है।
