Connect with us

गाजीपुर

पांच लाख की मांग और दुष्कर्म में फंसाने की धमकी से परेशान युवक ने की आत्महत्या

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के असांव गांव में मंगलवार को एक युवक ने अपने दोस्त के घर में चादर का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 22 वर्षीय गुलशन गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।

मृतक के छोटे भाई संजीव गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुलशन गुप्ता दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे और बाहर रहकर निजी कार्य करते थे। वह होली के अवसर पर घर आये हुए थे तथा कुछ दिनों बाद उन्हें सीआईएसएफ की परीक्षा देने जाना था। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उन पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दे दी थी।

परिजनों का कहना है कि गांव के कुछ मनबढ़ लोगों ने पांच लाख रुपये की मांग करते हुए रुपये न देने पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी थी। इन आरोपों और सामाजिक बदनामी के भय से गुलशन काफी तनाव में थे। बताया गया कि विपक्षियों और पुलिस के डर से वह असांव गांव में अपने एक मित्र के यहां रह रहे थे। आरोप है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

नगसर हाल्ट थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page