चन्दौली
पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने में सभी लोग करें प्रशासन का सहयोगः देवेंद्र कुमार
क्षेत्राधिकारी सदर व थानाध्यक्ष के नेतृत्व में त्योहार को लेकर पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
चंदौली। आगामी नवरात्र दुर्गा पूजा सहित अन्य त्योहार को लेकर गुरुवार को सदर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक सीओ सदर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस दौरान दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी व सदस्य भी मौजूद रहे। सीओ सदर ने कहा कि पर्व को सभी लोग आपसी प्रेम व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। पर्व के दौरान किसी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाए। पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था ठीक रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी घटना होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल में अग्निशमन यंत्र व बचाव के उपाय रखना जरूरी है। भीड़ को देखते हुए कमेटी के वालेंटियर पुलिस प्रशासन का सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पूजा पंडाल में तेज आवाज में साउंड बॉक्स न बजाया जाए। तेज आवाज से संगीत बजाए जाने से अन्य लोगों को परेशानी होगी, इसका ध्यान रखा जाए। कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी। किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए। अफवाह फैलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दिया जाए, ताकि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने कहा कि सकुशल पूजा सम्पन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग किया जाए। किसी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों की खैर नहीं होगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के दायरे में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर पूर्व सभासद महेश कश्यप, समाजसेवी शिवशंकर अग्रहरि बिज्जू, प्रद्युम्न अग्रवाल, विजय अग्रहरि बाबा, दिलीप केशरी, सभासद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, अजय पासवान उर्फ घुरेलाल पासवान, सभासद संजय कनौजिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
