मिर्ज़ापुर
परीक्षा की शुचिता को लेकर कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने सोमवार को विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षाओं की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं नकलविहीन संचालन सुनिश्चित करना रहा।निरीक्षण के दौरान कुलपति ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था, रिकॉर्डिंग सिस्टम तथा नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी कैमरे निरंतर सक्रिय रहें और किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पर सतत निगरानी बनी रहे।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय द्वारा गठित सचल दल (फ्लाइंग स्क्वाड) ने मीरजापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपदों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की वास्तविक स्थिति का गहन निरीक्षण किया। सचल दल द्वारा परीक्षा की गोपनीयता, अनुशासन, परीक्षार्थियों की उपस्थिति पंजिका, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण और संधारण से संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए तकनीकी संसाधनों का जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, कुलसचिव रामनारायण, उड़ाका दल के संयोजक प्रो. भावभूति मिश्रा तथा सदस्य प्रो. वंदना मिश्रा, डॉ. कुलदीप पांडेय और डॉ. प्रभुनाथ यादव उपस्थित रहे।
