गाजीपुर
परिवार परामर्श केंद्र की मध्यस्थता से चार टूटते परिवार फिर से जुड़े
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पति-पत्नी के बीच चल रहे 17 पारिवारिक विवादों की सुनवाई की। इनमें से 4 ऐसे पुराने विवादित मामले रहे, जिनमें दोनों पक्षों को शांतिपूर्ण वार्ता और आपसी समझौते के माध्यम से फिर से एक कर दिया गया।

मध्यस्थता प्रक्रिया पूरी तरह से स्वैच्छिक रही, जिसमें किसी भी पक्ष पर कोई दबाव नहीं डाला गया। दोनों पक्षों ने खुशी-खुशी अपने गिले-शिकवे भुलाकर एक नई शुरुआत की। इसके अलावा 4 मामलों में मध्यस्थता विफल रही, जिस पर कानूनी सलाह देते हुए पत्रावली बंद कर दी गई। वहीं, 5 मामलों में समझौता संभव होने पर समाधान के साथ फाइलें निष्कर्षित कर दी गईं और शेष 4 विवादों के लिए अगली सुनवाई तिथि तय की गई।
इन सभी मामलों के समाधान में काउंसलर कमरूद्दीन, पूजा श्रीवास्तव, महिला आरक्षी संध्या, सोनाली, रागिनी, सबिता, अभिलाषा, आरक्षी शिवशंकर यादव और महिला होमगार्ड उर्मिला गिरी ने विशेष भूमिका निभाई।
