वाराणसी
पत्रकारों से बदसलूकी करने वाले एडीसीपी वीरेंद्र कुमार हटाए गए, ममता रानी को सौंपा गया कार्यभार
वाराणसी। रंगभरी एकादशी के मौके पर काशी विश्वनाथ मंदिर में एक चैनल से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार पंकज चतुर्वेदी और हिमांशु अस्थाना के साथ दुर्व्यवहार करने वाले एडीसीपी वीरेंद्र कुमार को हटा दिया गया है। इस घटना की जांच एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून और व्यवस्था एस चिनप्पा को सौंपी गई थी। इसके बाद से ही एडीसीपी वीरेंद्र कुमार अनुपस्थित चल रहे थें।
काशी विश्वनाथ मंदिर में पत्रकारों से अभ्रदता का मामला शासन स्तर तक पहुंचा था। डीएम और पुलिस कमिश्नर ने जांच के बाद इस मामले में चुनाव आयोग को पत्र लिखा था। 27 को पत्र भेजकर आरोपी एडीसीपी को पदमुक्त करने की संस्तुति की और उनके स्थान पर तैनाती के लिए संभावित नाम भी भेजे गए।
चुनाव आयोग ने शिकायत और जांच रिपोर्ट का अवलोकन कर तत्काल कार्रवाई करते हुए एडीसीपी वीरेंद्र कुमार को हटा दिया। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष शुक्ला ने पत्र जारी कर अपर पुलिस आयुक्त ममता रानी को काशी विश्वनाथ मंदिर, ज्ञानवापी में सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। कार्रवाई के बाद महकमे में हडकंप मचा है।
