अपराध
पत्नी से विवाद के बाद युवक फांसी के फंदे पर झूला
वाराणसी। बड़ागाँव थानाक्षेत्र के ठाकुरपुर बसनी गाँव में रविवार की देर रात 35 वर्षीय एक युवक पत्नी से विवाद के बाद फांसी के फंदे पर झूल गया। रात में ही परिजन उसे पास में स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम स्थलीय निरीक्षण के उपरांत लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, बसनी गाँव निवासी राजू प्रजापति अपने मां बाप से अलग पत्नी और चार बच्चियों के साथ रहता था और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मुंबई में रहकर काम करता था। घटना से पांच दिन पहले वह मुंबई से घर लौटा था। रविवार को दोपहर में उसका पत्नी से विवाद हो गया और रात लगभग साढ़े नौ बजे जब सभी लोग खाना खाकर चले गये तो वह अपने कमरे में पंखे की कुंडी के सहारे रस्सी का फंदा लगाकर झूल गया। रात 11 बजे जब पत्नी की नींद खुली तो खिड़की से देखा तो उसका पति फंदे पर झूल रहा है। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए और किसी तरह दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा और चिकित्सक के पास ले गये। इस घटना से पत्नी और बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
