Connect with us

वाराणसी

पत्तल-दोना के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के मनसा देवी मंदिर के पास एक संकरी गली में स्थित विजय कुमार गुप्ता के मकान के भूतल पर बने पत्तल-दोना के गोदाम में रविवार को भीषण आग लग गई। आग में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक गोदाम में रखा पूरा सामान जल चुका था।

बताया गया कि विजय कुमार गुप्ता ने अपने मकान के भूतल का एक कमरा पठारी टोला निवासी अशोक गुप्ता को किराए पर दिया था। अशोक ने वहां पत्तल, दोना और कागज का सामान रखा था। लगभग 1:30 बजे आग लगने की जानकारी तब हुई जब ऊपर के कमरे में सो रहे मकान मालिक विजय के परिवार के एक सदस्य को धुएं की गंध महसूस हुई।

कमरे से धुआं निकलता देख मकान मालिक विजय और उनके परिवार के लोग तुरंत छत पर पहुंचे और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी भी जाग गए। सूचना किराएदार अशोक गुप्ता को दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंचा और पुलिस व फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।

दमकल और पुलिस की टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, चौकी प्रभारी गौरव सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संकरी गली में स्थित मकान होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लगभग तीन से चार ट्रैक्टर जला हुआ मलबा गोदाम से बाहर निकाला गया।

Advertisement

विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग, संयोग से बची जानें
आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकानदार अशोक गुप्ता के अनुसार, इस आग में उनका करीब दस लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया।

मकान मालिक और उनका परिवार समय रहते कमरे से बाहर निकल गया, अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। पड़ोसियों और दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से आग पर काबू पाया जा सका।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page