अपराध
पति से विवाद के बाद महिला ने की आत्महत्या, पान की दुकान के सामने लटका मिला शव
वाराणसी। जिले के चांदपुर मार्ग स्थित एक गेस्ट हाउस में पति-पत्नी के बीच विवाद ने गुरुवार रात को एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। विवाद बढ़ने पर गेस्ट हाउस संचालक ने दोनों को बाहर निकाल दिया। पति हिमांशु (26) अपनी पत्नी खुशबू (22) को वहीं छोड़कर भाग गया। रात भर पति का इंतजार करने के बाद खुशबू ने शुक्रवार सुबह पान की दुकान के सामने बांस के खंभे से मफलर का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
गेस्ट हाउस के कर्मचारियों के अनुसार, हिमांशु और खुशबू के बीच किसी बात पर तीखा झगड़ा हुआ था। विवाद शांत नहीं होने पर संचालक ने दोनों को गेस्ट हाउस से बाहर निकाल दिया। पति हिमांशु ने पत्नी को वहीं छोड़कर चला गया। इसके बाद खुशबू ने देर रात आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।

शुक्रवार भोर में स्थानीय ऑटो चालक इश्तियाक ने पुलिस को सूचना दी कि पान की दुकान के पास बांस के खंभे से एक महिला का शव लटका हुआ है। मंडुवाडीह पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मंडुवाडीह थाना प्रभारी, लहरतारा चौकी प्रभारी पवन यादव और एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गेस्ट हाउस संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हिमांशु की तलाश शुरू कर दी है, जो अभी तक फरार है।
खुशबू, बसंतु सोनकर की पुत्री थी और मूल रूप से मुगलसराय, चंदौली की निवासी थी। पति-पत्नी के बीच के झगड़े का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और गेस्ट हाउस स्टाफ से जानकारी लेकर मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है। हिमांशु के फरार होने से मामले पर और सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
