गाजीपुर
पटरी से उतरी डेमू ट्रेन, स्टेशन पर अफरा-तफरी
गाजीपुर। औड़िहार रेलवे स्टेशन के डेमू शेड में एक बड़ा हादसा टल गया जब सर्विसिंग और धुलाई के लिए ले जाई जा रही एक खाली डेमू ट्रेन (एम्प्टी कोचिंग रैक) पटरी से उतर गई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन तेज आवाज और हड़कंप के कारण स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना सुबह उस वक्त हुई जब इलेक्ट्रिक डेमू ट्रेन को एक लाइन से दूसरी लाइन पर ट्रांसफर किया जा रहा था। इस दौरान ट्रेन की रफ्तार तय सीमा से अधिक हो गई, जिससे ट्रेन के पहिए पॉइंट्स पर पटरी से उतर गए। इंजन को छोड़कर बाकी सभी कोच पटरी से नीचे उतर गए। हादसे के समय ट्रेन खाली थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रेलवे अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि मडुवाडीह से एक्सपी एआरएमवी वैगन मंगाई गई, जिसकी मदद से ट्रेन के कोच को फिर से पटरी पर लाने का काम शुरू किया गया।
रेलवे विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रेन की तेज रफ्तार को घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि, विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
