पूर्वांचल
नौकरानी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में विधायक ने किया आत्मसमर्पण
भदोही। नौकरानी को सुसाइड के लिए उकसाने, बच्चों की तस्करी मामले में वांछित सपा विधायक जाहिद बेग ने गुरुवार को 12 बजे जिला एवं सत्र न्यायालय ज्ञानपुर की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। उन्हें सीजेएम कोर्ट सबीहा खातून की अदालत में पेश किया गया। करीब 1 घण्टे तक वह कोर्ट रूम में रहे। उसके बाद न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला कारागार ज्ञानपुर भेज दिया गया।
वहीं विधायक कोर्ट से बाहर निकलते ही कहा कि मुझे न्यायालय पर भरोसा है। कहा कि मुझे खींचा गया, मेरे साथ बदसलूकी की गई, मेरे साथ दुर्व्यवहार किया गया, मैं न गुंडा हूं, न बदमाश हूं, मेरे साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है, मुझे पता नही है।
9 सितंबर को सपा विधायक जाहिद बेग के नगर के मालिकाना स्थित आवास पर नाबालिग नौकरानी ने आत्महत्या कर ली थी। एक और नाबालिग सहायिका को आवास से प्रशासन ने दूसरे दिन विधायक ज़ाहिद बेग के घर छापेमारी कर मुक्त कराया था। पुलिस ने नौकरानी के सुसाइड मामले में विधायक जाहिद बेग और उनकी पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने एवं एक से अधिक बच्चों की तस्करी एवं बंधक बनाकर बाल श्रम कराने के मामले में एफआईआर दर्ज किया था।
वहीं सुसाइड के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में उनके बेटे जईम बेग की संलिप्तता भी सामने आने पर पुलिस ने उसे बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। पुलिस आरोपी विधायक ज़ाहिद बेग एवं पत्नी की तलाश में जुटी थी। विधायक गुरुवार को सीजीएम कोर्ट में सरेंडर करने के लिए पहुंचे। जहां पर पहले से ही भारी मात्रा में पुलिस की तैनाती रहीं।
बताते हैं कि कचहरी गेट पर पहुंचने के बाद पुलिस द्वारा विधायक से धक्का-मुक्की की गई। विधायक के आत्मसमपर्ण की सूचना मिलते ही जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर सपाजन भी पहुंच गए थे।
