वाराणसी
निर्माण के बाद भी बेकार पड़ी पानी की टंकी, ग्रामीण बेहाल
वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के चोलापुर विकास खंड की भदवा ग्राम सभा में ‘जल जीवन मिशन’ के तहत दो वर्ष पूर्व कराए गए कार्य अब सवालों के घेरे में हैं। जानकारी के मुताबिक, गांव में पानी की टंकी का निर्माण और बोरिंग तो कराई गई, लेकिन आज तक ग्रामीणों को एक बूंद पानी भी उपलब्ध नहीं हो सका है, जिससे सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो साल पहले पूरे जोर-शोर के साथ गांव में बोरिंग कराई गई और पानी की टंकी का निर्माण हुआ। योजना के शुरुआती चरण में कुछ घरों तक पाइपलाइन बिछाकर नल भी लगाए गए थे, जिससे लोगों में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जगी थी।
हालांकि, समय बीतने के साथ यह उम्मीद धूमिल होती चली गई। टंकी खड़ी होने और पाइपलाइन बिछने के बावजूद आज भी गांव के लोग पानी के लिए परेशान हैं और उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
