मिर्ज़ापुर
निर्देशों में लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी
विन्ध्याचल (मिर्जापुर)। बासंतिक नवरात्र मेला के छठे दिन सप्तमी तिथि को विन्ध्यधाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने स्वयं पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा पहुंचे। उन्होंने अपने दल-बल के साथ मंदिर परिपथ सहित प्रमुख मार्गों और श्रद्धालु प्रवेश द्वारों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी बर्मा ने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि वे ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “जो गाइडलाइन मेला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा निर्धारित की गई है, उसका पालन पूरी ईमानदारी और तत्परता से किया जाए।”
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दो दिनों अष्टमी और नवमी में अत्यधिक भीड़ की संभावना है। ऐसे में व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को बिना किसी अवरोध के दर्शन कराना हमारा प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ पुलिसकर्मियों के विरुद्ध शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है। “अगर कोई पुलिसकर्मी लापरवाही या अनुशासनहीनता का दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी,” उन्होंने सख्त लहजे में कहा।
इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष, मेडिकल सहायता केंद्र, और महिला सुरक्षा की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की, लेकिन कुछ स्थानों पर अव्यवस्था की शिकायतें भी सामने आईं, जिस पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एसएसपी बर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संयम और अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी असुविधा या शिकायत की स्थिति में निकटतम पुलिसकर्मी या सहायता केंद्र से संपर्क करें।
