वाराणसी
नावों पर लगेंगी रेडियम युक्त क्यूआर कोड
वाराणसी में देव दीपावली के मौके पर गंगा में नावों की निगरानी को आसान बनाने के लिए रेडियमयुक्त क्यूआर कोड लगाने की योजना तैयार की गई है। पहले चरण में नगर निगम की ओर से जारी 1200 लाइसेंसी नावों पर यह क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इसके बाद शेष नावों में भी इसे लागू किया जाएगा।
देव दीपावली के दौरान घाटों पर नावों की निगरानी के लिए जल पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों की टीमें लगाई गई थीं।
हालांकि इन नावों पर कोई पहचान चिन्ह नहीं होने के कारण यह पता लगाना मुश्किल हो रहा था कि कौन सी नाव किसकी है और किस घाट के लिए लाइसेंस प्राप्त है। इस दौरान कुछ अवैध नावों का भी संचालन देखने को मिला।नगर निगम ने इस समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना बनाई है।
लाइसेंस विभाग के सहायक नगर आयुक्त मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि सभी नावों पर रेडियमयुक्त क्यूआर कोड लगाए जाएंगे जो दूर से ही चमकेंगे। इन्हें स्कैन करने पर नाव और उसके मालिक से जुड़ी जानकारी जैसे नाव का निर्माण वर्ष चालक का नाम और सवारियों की क्षमता आसानी से पता चल सकेगी।
यह कदम अवैध नावों के संचालन पर रोक लगाने में सहायक होगा। पुलिस विभाग की ओर से भी इस पर सुझाव दिए गए थे जिन्हें जल्द लागू किया जाएगा।
