गाजीपुर
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त मुठभेड़ में गिरफ्तार
गाजीपुर (जयदेश)। जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर रात कासिमाबाद-मऊ मार्ग स्थित तोड़ार मोड़ के पास पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि के अनुसार, बीती शाम को एक गांव निवासी महिला ने अपनी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त तोड़ार मोड़ के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गिरफ्तारी का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पूछताछ में उसने अपना नाम कौशल गौंड पुत्र विनय गौंड निवासी ग्राम सिधउत थाना कासिमाबाद बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
