अपराध
नाबालिग को भगाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
संतकबीरनगर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिला सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना धनघटा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना धनघटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सुरजीत पुत्र महन्थ निवासी चपरा पूर्वी, थाना धनघटा जनपद संतकबीरनगर को बिड़हरघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की माता ने 01 मार्च 2026 को थाना धनघटा में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अभियुक्त उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 104/2026 के तहत धारा 87/137(2)/64(2) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
महिला अपराध से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना धनघटा पुलिस ने अभियुक्त की तलाश तेज कर दी। लगातार दबिश और तलाश के बाद पुलिस ने उसे बिड़हरघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामवशिष्ठ और कांस्टेबल गौतम कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा और नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
