सियासत
नरेंद्र मोदी की वजह से बना राम मंदिर : राज ठाकरे
चचेरे भाई उद्धव ठाकरे पर साधा जमकर निशाना
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता अपने-अपने प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। शनिवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा क्षेत्र में बीजेपी के उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के पक्ष में एक रैली को संबोधित किया और उनके पक्ष में वोट करने की अपील की।
इस दौरान राज ठाकरे ने अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, बीजेपी ने अगर उद्धव ठाकरे के ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद को साझा करने की बात मान ली होती तो वे उनके खिलाफ कुछ नहीं बोलते और सत्ता के लिए चुप ही रहते। उद्धव ठाकरे 2014 से 2019 तक बीजेपी के साथ रहे, तब आपने विरोध क्यों नहीं किया ? मैं सीधा चलने वाला इंसान हूं। ठाकरे को आनुवांशिक समस्या है। अगर मैं किसी बात से सहमत हूं तो मैं सहमत हूं। यदि मैं नहीं मानूंगा तो अंत तक नहीं मानूंगा। हमें मित्र को डांटने में संकोच नहीं करना चाहिए और शत्रु की प्रशंसा करने में संकोच नहीं करना चाहिए।

राज ठाकरे ने इस जनसभा में केंद्र की मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि, जब कश्मीर में धारा 370 हटाई गई तो सबसे पहले बधाई देने वालों में मैं ही था। राम मंदिर के विषय में बात करते हुए उन्होंने कहा कि, जब बाबरी मस्जिद का विषय आया, देशभर से लाखों कारसेवक अयोध्या गए। वहां 200 से ज्यादा कारसेवकों पर गोली चलाई गई। साल 1992 में बाबरी की छत ढहा दी गई। आज राम मंदिर का पहला हिस्सा खड़ा हो गया। जैसा कश्मीर का हुआ, वैसा ही राम मंदिर का हुआ। नरेंद्र मोदी की सरकार के कारण राम मंदिर का निर्माण हुआ। कार सेवकों की आत्मा को शांति मिली। अगर नरेंद्र मोदी नहीं होते तो यह राम मंदिर कभी नहीं बन पाता। वह सनातन धर्म के सच्चे साधक हैं।
