राज्य-राजधानी
नदी में नहाते समय युवक की डूबकर मौत
बस्ती। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की कुआनो नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माधोपुर गांव निवासी दुर्गेश (19) पुत्र रामवृक्ष निषाद बुधवार को होली खेलने के बाद अपने कुछ साथियों के साथ कुआनो नदी के कछुआंड घाट पर स्नान करने गया था। सभी लोग नदी में नहा रहे थे, तभी अचानक दुर्गेश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में डूब गया। कुछ ही देर बाद लोगों ने उसे नदी से बाहर निकाल लिया और तत्काल निजी साधन से उपचार के लिए जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष लालगंज संजय कुमार ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
