Connect with us

वायरल

नगर पंचायत कार्यालय के शुभारंभ में चेयरमैन की गैरहाजिरी बनी चर्चा का विषय

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीर नगर। नगर पंचायत हैसर बाजार धनघटा के नवनिर्मित कार्यालय भवन का शनिवार को धनघटा विधायक गणेश चौहान द्वारा विधिवत शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम संपन्न हुआ, लेकिन इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकू मणि की अनुपस्थिति क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

उल्लेखनीय है कि इस कार्यालय भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पिछले वर्ष किया जा चुका था। इसके बावजूद शुभारंभ कार्यक्रम में चेयरमैन की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जब इस संबंध में अध्यक्ष रिंकू मणि से बात की गई तो उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी न होने की बात कही। कारण पूछे जाने पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।

यदि अध्यक्ष का यह दावा सही माना जाए कि उन्हें शुभारंभ की सूचना नहीं दी गई थी, तो ऐसे में अधिशासी अधिकारी की भूमिका और कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। खास बात यह है कि शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि विधायक गणेश चौहान और नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकू मणि दोनों ही सत्ताधारी दल से जुड़े हुए हैं, इसके बावजूद आपसी समन्वय का अभाव सामने आया।

विदित हो कि उक्त कार्यालय भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मई 2025 में तामेश्वरनाथ धाम आगमन के दौरान किया गया था। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि मिशन 2027 को लेकर विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी की तैयारी में जुटे हैं।

वहीं, विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने इस मामले को लेकर तंज कसते हुए सत्तापक्ष के भीतर टकराव करार दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह मामला विधानसभा क्षेत्र में सत्ताधारी दल के भीतर आपसी खींचतान को दर्शाता है, जिसे उन्होंने ‘डिब्बों के आपस में टकराने’ जैसा बताया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page