वाराणसी
नगर आयुक्त ने किया आदि विशेश्वर वार्ड का वृहद निरीक्षण
वाराणसी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को अपने अधीनस्थ अधिकारियों और नगर निगम की आईईसी टीम के साथ आदि विशेश्वर वार्ड का वृहद निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, सीवर लाइन, वाटर सप्लाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की गई।
बेनियाबाग मीट मार्केट/स्लाटर हाउस को जर्जर अवस्था में पाकर नगर आयुक्त ने ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं, आसपास पड़े मलबे को हटाने और ध्वस्त चौक की रिसेटिंग कराने के आदेश दिए। पार्किंग स्थल के पास अस्थायी रूप से बनाई गई अनयूज्ड दुकानों को हटाने के निर्देश भी दिए ताकि गंदगी न फैल सके।
कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के निरीक्षण में लापरवाही सामने आई। नगर आयुक्त ने वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन को चेतावनी देते हुए पहले दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन कराने को कहा। समरसेबल पंप, टीन शेड, गेट और ग्रील की व्यवस्था तत्काल करने के आदेश दिए गए।
पियरी पुलिस चौकी से चेतगंज जाने वाले मार्ग पर जर्जर वाटर सप्लाई लाइन को बदलने के लिए 400 मीटर नई लाइन डालने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं, बेनियाबाग जोन कार्यालय से नावेद कॉम्प्लेक्स मार्ग पर पड़े मलबे को हटाने और अवैध पार्किंग को ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से हटवाने के साथ नो-पार्किंग बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान बेनियाबाग स्थित अखाड़ा बाल उद्यान के हाईमास्ट लाइट को ठीक करने और सौंदर्यीकरण के लिए रंगाई-पुताई कराने को कहा गया। अखाड़े की जमीन नगर निगम की बताई गई, जिसे सुरक्षित करने और पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए।
सीवर और मलबा केंद्र की स्थिति पर भी गंभीरता दिखाई गई। ध्वस्त सीवर लाइन को ठीक करने और सीवर चैंबर की सफाई के निर्देश दिए गए। वहीं मलबा केंद्र के आसपास हो रहे अवैध कब्जे को हटाकर पार्किंग विकसित करने को कहा गया।
बेनियाबाग, मिन्ना खां गली, नया चौक गुदरी बाजार और दालमंडी मार्ग पर गंदगी की स्थिति देखकर नगर आयुक्त ने तत्काल उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उखड़े चौक और ध्वस्त सीवर चैंबर की मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
नया चौक गुदरी बाजार दालमंडी मार्ग पर नगर निगम की दुकानों के ऊपर बने अवैध निर्माण को चिन्हित कर कार्यवाही करने का आदेश दिया गया। वहीं, डीलक्स शौचालय और यूरिनल को चालू कराकर व्यवस्थित करने को कहा गया।
स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत नगर निगम की आईईसी टीम ने वार्ड की गलियों और घरों में जाकर लोगों को गीला-सूखा कूड़ा अलग रखने, सड़क पर कूड़ा न फेंकने, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने और स्वच्छता को आदत बनाने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान पार्षद इंद्रेश सिंह, अमरेश गुप्ता, श्रवण गुप्ता, मनीष गुप्ता, जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जलकल महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
