Connect with us

अपराध

धुलाई कर्मी की सोते समय कनपटी पर गोली मारकर हत्या

Published

on

Loading...
Loading...

जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में अज्ञात हमलावर ने एक व्यक्ति की कनपटी पर सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक रामजीत पटेल (45) गाड़ी धुलाई का कार्य करता था और रामपुर-परियत मार्ग पर एक मड़हा बनाकर वहीं सोता था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस एवं भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव कब्जे में लेने को लेकर पुलिस और परिजनों में तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रामजीत पटेल अपनी पत्नी चंद्रावती के साथ दीपावली की रात मड़हे में सोया था। रात करीब 3 बजे चंद्रावती किसी आवश्यक कार्य के लिए 50 मीटर दूर स्थित अपने पुश्तैनी घर चली गई। जब वह कुछ देर बाद वापस लौटी, तो देखा कि उसके पति की कनपटी से खून बह रहा था और बिस्तर पर खून फैला हुआ था। इस भयावह दृश्य को देखकर चंद्रावती घबरा गई और तत्काल अपने परिजनों को सूचित करने के लिए घर चली गई। परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

हत्या का कारण और पुलिस का शक

पुलिस के अनुसार, मृतक दीपावली के दिन किसी वाहन मालिक से धुलाई को लेकर कहासुनी में उलझ गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य कानूनी कार्रवाई कर रही है।

घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात

Advertisement

पचरुखी गांव में पुलिस ने घटना के बाद स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है, और लोग इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page