चन्दौली
धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, सोना-चांदी से लेकर झाड़ू तक की जमकर हुई खरीदारी
चंदौली। प्रकाश उत्सव दीपावली से पूर्व कार्तिक माह की कृष्ण त्रयोदशी को धनतेरस के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और झाड़ू खरीदना अत्यंत शुभ होता है। शनिवार को धनतेरस पर्व पर सुबह से ही जनपद सहित नगर पंचायत के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग उत्साह के साथ बाजारों में सोना-चांदी, बर्तन, झाड़ू और सजावटी वस्तुओं की खरीदारी करते नजर आए।
धनतेरस के दिन जहां चिकित्सक भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना करते हैं, वहीं आमजन यमराज की पूजा कर रात्रि में दीपदान करते हैं। परंपरा के अनुसार इस दिन माता लक्ष्मी, भगवान गणेश, धन के देवता कुबेर और आयु के देवता धन्वंतरि की पूजा की जाती है।

नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सुबह से ही दुकानों पर रौनक बनी रही। बर्तन, झाड़ू, चांदी के सिक्के, मिट्टी के दीपक, पटाखे और भगवान गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। देर शाम दुकानदारों ने भी विधिवत माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर की पूजा-अर्चना कर समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे। दिनभर बाजारों में चहल-पहल बनी रही और दीपावली की तैयारियों ने माहौल को उल्लास से भर दिया।
