दुर्घटना
दो डंपरों की भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे चालक-खलासी
वाराणसी। हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत वाजिदपुर रिंग रोड चौराहे पर देर रात 2 बजे के करीब दो डंपरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पीछे चल रहे डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मीरजापुर निवासी जितेंद्र कुमार अपने खलासी दीपक यादव के साथ कुशीनगर से गिट्टी उतारकर दोबारा लोड कराने जा रहे थे। रात करीब दो बजे जैसे ही उनका वाहन रिंग रोड चौराहे के पास पहुंचा, आगे चल रहे डंपर ने ब्रेकर देखकर अचानक ब्रेक लगाया और सावधानी से उसे पार कर गया।
इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी डंपर तेज रफ्तार में थी। चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन घबराहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रही डंपर से टकरा गया। टक्कर के कारण डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन बंद हो गया।
हादसे के बाद रिंग रोड फेज वन पर जाम की स्थिति बन गई। क्षतिग्रस्त डंपर शनिवार सुबह करीब सात बजे तक चौराहे के पास खड़ी रही, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। दोनों वाहन एक ही कंपनी के होने के कारण आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया और पुलिस कार्रवाई नहीं की गई।
सुबह लगभग नौ बजे ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त डंपर को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिंग रोड चौराहे पर बने ब्रेकर और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
